Samachar Post रिपोर्टर, पाकुड़ : पाकुड़ पुलिस अधीक्षक (SP) अनुदीप सिंह ने मंगलवार को जिला व्यवहार न्यायालय परिसर और न्यायाधीशों के आवासीय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कोर्ट सुरक्षा से जुड़े सभी प्रमुख अधिकारी एवं पुलिस कर्मी मौजूद रहे। इस दौरान कोर्ट सुरक्षा नोडल पदाधिकारी, विशेष शाखा प्रभारी और कोर्ट सुरक्षा प्रभारी ने एसपी को सुरक्षा व्यवस्था की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया।
सीसीटीवी और मेटल डिटेक्टर व्यवस्था की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान एसपी ने न्यायालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों, डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर, हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर, कोर्ट हाजत, कैदी एस्कॉर्ट व्यवस्था तथा प्रवेश द्वारों पर की जा रही तलाशी प्रक्रिया की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए और सभी तैनात कर्मियों को सतर्क रहने को कहा।
SOP का सख्ती से पालन करने का निर्देश
एसपी अनुदीप सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिया कि झारखंड पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का 100 प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि बिना सघन तलाशी के किसी भी व्यक्ति को न्यायालय परिसर में प्रवेश न दिया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि परिसर में किसी भी तरह की प्रतिबंधित वस्तु जैसे आग्नेयास्त्र, ज्वलनशील पदार्थ, नुकीली या संदिग्ध वस्तुएं प्रवेश न कर सकें, यह सुनिश्चित किया जाए।

कैदी एस्कॉर्ट और सुरक्षा पोस्ट पर विशेष सतर्कता
एसपी ने कैदी एस्कॉर्ट ड्यूटी में तैनात पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि कैदियों को न्यायालय लाने और वापस ले जाने के दौरान पूरी सतर्कता बरती जाए। इसके साथ ही न्यायालय परिसर और ज्यूडिशियल कॉलोनी में तैनात जवानों को किसी भी स्थिति में अपनी संतरी पोस्ट न छोड़ने की सख्त हिदायत दी गई।
यह भी पढ़ें: अंकुश शर्मा हत्याकांड में पुलिस को झटका, CCTV फुटेज पेश नहीं होने पर दो आरोपी बरी
हर दो घंटे पर खैरियत रिपोर्ट अनिवार्य
एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सभी सुरक्षा पोस्टों पर तैनात जवानों को वायरलेस सेट के माध्यम से प्रत्येक दो घंटे पर खैरियत प्रतिवेदन संबंधित पर्यवेक्षक को भेजने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इससे सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी बनी रहेगी और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई संभव हो सकेगी। निरीक्षण के अंत में एसपी ने साफ कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों और जवानों को अलर्ट मोड में रहकर ड्यूटी निभाने का निर्देश दिया।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।
