Samachar Post रिपोर्टर,कोडरमा :डोमचांच थाना क्षेत्र के गोलवाढाब गांव से लापता 12 वर्षीय छात्र शीतल कुमार का शव शुक्रवार सुबह एक कुएं से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। किशोर बीते रविवार शाम से लापता था और उसकी तलाश में परिजन तथा पुलिस लगातार जुटे हुए थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, गोलवाढाब गांव निवासी वीरेंद्र यादव का पुत्र शीतल कुमार रविवार शाम घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। बाद में डोमचांच थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस भी उसकी तलाश में जुट गई थी।
यह भी पढ़ें :कोडरमा में शराब तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बिहार भेजी जा रही अंग्रेजी शराब की खेप जब्त
मेघना पहाड़ी स्थित कुएं में मिला शव
शुक्रवार सुबह डोमचांच थाना क्षेत्र के बगड़ो गांव से सटी मेघना पहाड़ी स्थित एक कुएं में एक शव दिखाई देने की सूचना मिली। बताया गया कि सुबह तालाब की ओर गए कुछ ग्रामीणों की नजर कुएं के अंदर तैर रहे शव पर पड़ी। इसके बाद ग्रामीणों ने आसपास के लोगों को जानकारी दी और शीतल के परिजनों को बुलाया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान शीतल कुमार के रूप में की। पहचान होते ही परिवार में मातम छा गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही डोमचांच पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति अधिक स्पष्ट हो सकेगी। स्थानीय लोगों के बीच घटना को लेकर विभिन्न तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
शीतल कुमार दो भाइयों में बड़ा था और गांव के निकट स्थित विद्यालय में कक्षा छह का छात्र था। उसके पिता वीरेंद्र यादव मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे की असामयिक मौत से परिवार गहरे सदमे में है। घटना के बाद गांव के लोग भी शोक व्यक्त कर परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं।

Reporter | Samachar Post

