कोडरमा में हाथियों का आतंक: महिला को कुचलकर मार डाला, कई घरों की बाउंड्री वॉल तोड़ी

Meenu | June 25, 2026 | 12:06 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,कोडरमा :कोडरमा जिले में हाथियों का उत्पात एक बार फिर बढ़ गया है। ताजा मामला डोमचांच प्रखंड के तेतरियाडीह गांव का है, जहां गुरुवार तड़के हाथियों के झुंड ने कई घरों की बाउंड्री वॉल को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान एक महिला की हाथी के हमले में मौत हो गई। मृतका की पहचान तेतरियाडीह गांव निवासी सुदामा देवी (55) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह गुरुवार सुबह करीब पांच बजे खेतों की ओर टहलने गई थीं। इसी दौरान एक हाथी ने उन पर हमला कर दिया। प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, सुदामा देवी ने जान बचाने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन खेत में गिर गईं। इसके बाद हाथी ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार, हाथियों के झुंड ने गांव में प्रवेश कर कई घरों की बाउंड्री वॉल को तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग घरों से बाहर निकलने में भी सतर्कता बरत रहे हैं।

यह भी पढ़ें :राबड़ी देवी को सरकारी बंगला खाली करने का अंतिम नोटिस, 29 जून तक मिला समय

वन विभाग के खिलाफ ग्रामीणों में नाराजगी

लगातार हो रहे हाथी हमलों को लेकर ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले दो वर्षों में हाथियों के हमलों में दो दर्जन से अधिक लोगों की जान जा चुकी है, जबकि किसानों की फसल और संपत्ति को भी भारी नुकसान हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर रखने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

दो दिन पहले भी हुआ था नुकसान

गौरतलब है कि दो दिन पहले भी हाथियों के एक झुंड ने डोमचांच प्रखंड के गोलगो गांव में कई गरीब किसानों के घरों को नुकसान पहुंचाया था। उस घटना में भी ग्रामीणों को लाखों रुपये की क्षति हुई थी। लगातार हो रही घटनाओं के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों के आतंक पर स्थायी समाधान निकालने और प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

Share this news

संबंधित खबरें