Samachar Post रिपोर्टर, रांची : गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने झारखंड में फलदार बागवानी के बढ़ते विस्तार और किसानों की आर्थिक सशक्तता को लेकर खुशी जताई है। उन्होंने बुधवार को सोशल मीडिया पर रांची स्थित मुख्यमंत्री आवास में लगे आम के पेड़ों की तस्वीरें साझा कीं। तस्वीरों में वह अपने हाथों में पके हुए आम लिए नजर आ रही हैं। पोस्ट के साथ उन्होंने लिखा कि झारखंड के आम अब देश और विदेश में अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। राज्य के लगभग सभी जिलों में आम की बागवानी का दायरा बढ़ा है और उत्पादन में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की जा रही है।
बिरसा हरित ग्राम योजना से बढ़ी बागवानी, महिलाओं को मिला लाभ
कल्पना सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार की बिरसा हरित ग्राम योजना ने हजारों किसानों, विशेषकर ग्रामीण महिलाओं को फलदार बागवानी से जोड़ने का काम किया है। इस पहल से न केवल फलदार पेड़ों की संख्या में वृद्धि हुई है, बल्कि ग्रामीण परिवारों की आय और आर्थिक स्थिति भी मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से बड़ी संख्या में महिलाएं और किसान आम सहित अन्य फलदार फसलों की खेती से जुड़कर आत्मनिर्भर बन रहे हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं।
यह भी पढ़ें: रांची में स्कूली बच्चों से भरा ऑटो पलटा, 10 से अधिक छात्र घायल, सभी खतरे से बाहर

बागवानी से मजबूत हो रही ग्रामीण अर्थव्यवस्था
गांडेय विधायक ने कहा कि आज लाखों किसान आम और अन्य फलदार पेड़ों की खेती कर अपनी आय बढ़ा रहे हैं। बागवानी किसानों के लिए आय का महत्वपूर्ण स्रोत बनकर उभरी है, जिससे गांवों की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिल रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में झारखंड के फल और कृषि उत्पाद राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी अपनी मजबूत पहचान स्थापित करेंगे।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

