Samachar Post रिपोर्टर, रांची :झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। एक तरफ लोगों को गर्मी और उमस परेशान कर रही है, तो दूसरी ओर कई जिलों में बारिश, तेज हवाओं और वज्रपात की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के विभिन्न हिस्सों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
कुछ जिलों में आज बारिश और वज्रपात की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को पलामू, गढ़वा, लातेहार और चतरा जिले समेत आसपास के कुछ मध्यवर्ती क्षेत्रों को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
8 जून तक सक्रिय रहेगा मौसम का सिस्टम
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि झारखंड में 8 जून तक मौसम का यही रुख बना रहेगा। राज्य के कई हिस्सों में बादल छाने, हल्की से मध्यम बारिश होने और तेज हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है। हालांकि तापमान में बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं, लेकिन बढ़ी हुई नमी के कारण उमस लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। गुरुवार को पलामू जिले के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार को भी राज्य के विभिन्न जिलों में गर्जन के साथ बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है।
रविवार को इन जिलों में रहेगा ज्यादा असर
मौसम विभाग ने रविवार को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद जिलों में गर्जन, वज्रपात और तेज हवा की अधिक संभावना जताई है। इन जिलों के निवासियों को विशेष सावधानी बरतने और मौसम विभाग द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
वज्रपात को लेकर जारी हुई विशेष चेतावनी
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है। विभाग के अनुसार:
- खुले मैदानों में जाने से बचें।
- पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें।
- गरज-चमक के दौरान सुरक्षित भवनों में शरण लें।
- मौसम खराब होने पर अनावश्यक यात्रा से बचें।
- बिजली चमकने के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का सीमित उपयोग करें।
सिसई में दर्ज हुई सबसे अधिक बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश रिकॉर्ड की गई। गुमला जिले के सिसई क्षेत्र में सबसे अधिक 9.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा कई इलाकों में बूंदाबांदी और बादलों की आवाजाही बनी रही। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक राज्य के अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि बारिश और बादलों की मौजूदगी के कारण कुछ क्षेत्रों में लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।
Reporter | Samachar Post