Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को जल्द राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने राज्य में मौसम के करवट लेने के संकेत दिए हैं। 10 जून से कई जिलों में बादल छाने, तेज हवाएं चलने, वज्रपात और बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, 11 जून को राज्य के 14 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
11 जून को 14 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 11 जून को राज्य में मौसम सबसे अधिक सक्रिय रह सकता है। रांची, खूंटी, रामगढ़, धनबाद, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज और बोकारो जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना है। इसके साथ ही गरज-चमक, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश होने के भी आसार हैं। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है।
12 से 15 जून तक जारी रह सकता है असर
मौसम विभाग का अनुमान है कि 12 जून से 15 जून तक भी राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान तेज हवाएं, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। स्थिति को देखते हुए विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी किया है। मौसम में बदलाव के कारण तापमान में गिरावट आने और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।

झारखंड में 15 से 17 जून के बीच पहुंच सकता है मॉनसून
मॉनसून का इंतजार कर रहे लोगों के लिए भी अच्छी खबर है। मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और अगले कुछ दिनों में पूर्वी भारत के कई हिस्सों तक पहुंच सकता है। विभाग का अनुमान है कि झारखंड में मॉनसून का प्रवेश 15 से 17 जून के बीच संताल परगना प्रमंडल के रास्ते हो सकता है। मॉनसून के आगमन के साथ राज्य में व्यापक वर्षा शुरू होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: हजारीबाग को जाम से मिलेगी राहत, 107 करोड़ की सड़क परियोजना का हुआ शिलान्यास
किसानों और आम लोगों को मिलेगी राहत
मौसम में बदलाव और संभावित बारिश को किसानों के लिए राहत भरी खबर माना जा रहा है। इससे खरीफ फसलों की तैयारी को गति मिलेगी और खेतों में नमी बढ़ेगी। वहीं, लगातार बढ़ते तापमान और उमस से परेशान लोगों को भी बारिश और ठंडी हवाओं से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि मौसम विभाग ने वज्रपात और तेज आंधी को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।
