Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : चौकीदार भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद नियुक्ति पत्र नहीं मिलने से जामताड़ा के चयनित अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। गुरुवार को बड़ी संख्या में सफल अभ्यर्थी समाहरणालय पहुंचे और उपायुक्त (DC) को ज्ञापन सौंपकर जल्द नियुक्ति पत्र जारी करने की मांग की। अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया के सभी चरण पूरे हो चुके हैं और अंतिम मेधा सूची भी प्रकाशित की जा चुकी है, लेकिन अब तक नियुक्ति की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी है।
भर्ती प्रक्रिया के सभी चरण हो चुके हैं पूरे
अभ्यर्थियों के अनुसार विज्ञापन संख्या 01/2025 के तहत चौकीदार भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी। 17 फरवरी 2025 को भर्ती का विज्ञापन जारी हुआ था। इसके बाद 27 अप्रैल को लिखित परीक्षा आयोजित की गई और 5 मई को परिणाम प्रकाशित किया गया। इसके पश्चात 14 और 15 मई को शारीरिक दक्षता परीक्षा एवं दौड़ प्रतियोगिता आयोजित हुई। 19 मई को दौड़ परीक्षा का परिणाम जारी किया गया, जबकि 19 और 20 मई को शारीरिक माप-तौल की प्रक्रिया पूरी की गई। सभी चरणों के बाद 21 मई 2025 को कुल 242 अभ्यर्थियों की अंतिम मेरिट सूची प्रकाशित कर दी गई थी।
हाईकोर्ट से स्थगन आदेश हटने के बाद भी नहीं मिली नियुक्ति
प्रतिनिधिमंडल में शामिल दयामय दास, एंथनी किस्कू, जीवन कृष्ण सिंह, अख्तर हसन, बीरबल सोरेन, दिव्या कुमारी, रीना किस्कू, पूजा मुर्मू, सविता सिंह, दिलीप पंडित और जोगननाथ भोक्ता ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया पहले न्यायालय में लंबित मामले के कारण प्रभावित हुई थी। अभ्यर्थियों का कहना है कि लगभग दो महीने पहले उच्च न्यायालय द्वारा लगाया गया स्थगन आदेश समाप्त हो चुका है, इसके बावजूद नियुक्ति पत्र जारी नहीं किए गए हैं।

आर्थिक और मानसिक परेशानी झेल रहे अभ्यर्थी
चयनित अभ्यर्थियों ने कहा कि अंतिम चयन सूची में नाम आने के बावजूद नौकरी नहीं मिलने से वे मानसिक, आर्थिक और सामाजिक दबाव का सामना कर रहे हैं। कई अभ्यर्थी आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से हैं और उनकी उम्मीदें इस नौकरी पर टिकी हुई हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य के अन्य जिलों में इसी भर्ती प्रक्रिया के तहत नियुक्तियां पूरी हो चुकी हैं, जबकि जामताड़ा में मामला अब भी लंबित है।
यह भी पढ़ें: नीति आयोग की बैठक में शामिल हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विकसित भारत 2047 के विजन पर हुई चर्चा
उपायुक्त ने दिया जल्द कार्रवाई का भरोसा
अभ्यर्थियों ने ज्ञापन के माध्यम से जिला प्रशासन से मांग की कि अन्य जिलों की तरह जामताड़ा में भी नियुक्ति प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही नियुक्ति पत्र वितरण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। अब चयनित अभ्यर्थियों की नजर जिला प्रशासन के अगले कदम और नियुक्ति पत्र जारी होने की संभावित तिथि पर टिकी हुई है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।
