Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :परसुडीह थाना क्षेत्र के हलुदबानी पारा टोला स्थित अभिनाश तालाब से शुक्रवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, हलुदबानी के छुटकी टोला की कुछ महिलाएं रोज की तरह सुबह तालाब में स्नान करने पहुंची थीं। इसी दौरान उनकी नजर पानी में तैरते हुए एक शव पर पड़ी। महिलाओं के शोर मचाने के बाद स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई।
यह भी पढ़ें :पटना के बांसघाट श्मशान घाट विवाद पर सियासत तेज, RJD ने सरकार पर साधा निशाना
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शुरू की जांच
सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शव करीब दो से तीन दिन पुराना लग रहा है और उससे दुर्गंध भी आ रही थी। पुलिस फिलहाल मृतक की पहचान करने में जुटी हुई है। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई है, लेकिन अब तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। किसी भी स्थानीय व्यक्ति ने मृतक की पहचान नहीं की है।

मौत के कारणों की जांच जारी
परसुडीह थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल यह भी जांच की जा रही है कि व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई और मामला दुर्घटना, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से जुड़ा है। घटना के बाद हलुदबानी और आसपास के इलाकों में चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हर पहलू को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Reporter | Samachar Post

