Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक युवक और पुलिसकर्मी के बीच सड़क पर विवाद हो गया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और हाथापाई तक पहुंच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें :मुहर्रम में दिखती सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल, हजारीबाग के जलमा गांव में छह पीढ़ियों से हिंदू परिवार बना रहा ताजिया
युवक का आरोप- बिना टक्कर के रोका और की गाली-गलौज
युवक प्रदीप सिंह का आरोप है कि वह बिष्टुपुर से जुगसलाई की ओर जा रहा था। इसी दौरान कदमा की ओर से तेज रफ्तार में स्कूटी से आ रहे एक पुलिसकर्मी ने उसे रोक लिया। प्रदीप का दावा है कि दोनों वाहनों के बीच कोई टक्कर नहीं हुई थी, इसके बावजूद पुलिसकर्मी ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। प्रदीप के अनुसार, जब उन्होंने इसका कारण पूछा तो संबंधित व्यक्ति ने खुद को पुलिस विभाग का कर्मचारी बताते हुए कहा कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। युवक का यह भी आरोप है कि पुलिसकर्मी आधी वर्दी में था, उसकी स्कूटी पर पुलिस का लोगो लगा था और वह नशे की हालत में दिखाई दे रहा था।
डायल 112 पर दी सूचना
युवक का कहना है कि विवाद के दौरान धक्का-मुक्की हुई, जिसमें पुलिसकर्मी को भी चोट लगी। प्रदीप ने बताया कि उसने तुरंत डायल 112 पर फोन कर घटना की सूचना दी। उसका आरोप है कि पुलिसकर्मी उसका वीडियो बना रहा था, इसलिए उसने मोबाइल अपने पास रख लिया ताकि पुलिस के आने पर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो सके। बाद में मोबाइल प्रशासन को सौंपने की बात भी कही।

पुलिसकर्मी ने आरोपों से किया इनकार
दूसरी ओर, संबंधित पुलिसकर्मी ने युवक के सभी आरोपों को खारिज कर दिया। उनका कहना है कि युवक ने उनके साथ मारपीट की और विवाद की शुरुआत उसी ने की।
जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के आरोपों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुरूप आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Reporter | Samachar Post

