Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह चेन स्नैचिंग की घटना सामने आई है। मॉर्निंग वॉक से घर लौट रही एक बुजुर्ग महिला से बाइक सवार दो बदमाशों ने पता पूछने के बहाने सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता ने कदमा थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
यह भी पढ़ें :IMA MSN झारखंड की नई कार्यकारिणी घोषित, डॉ. अनुश्री बराल बनीं राज्य अध्यक्ष
घर के बाहर हुई वारदात
जानकारी के अनुसार, कदमा के अनिल सूर पथ मुख्य रोड निवासी 62 वर्षीय आलो चटर्जी सुबह नाना-नानी पार्क में टहलने गई थीं। मॉर्निंग वॉक के बाद जब वह घर लौटीं और अपने घर के गेट के पास खड़ी थीं, तभी काले रंग की स्प्लेंडर प्लस बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे। दोनों युवकों ने पहले उनसे एक पते के बारे में पूछना शुरू किया। महिला जब उन्हें रास्ता बताने लगीं, तभी बाइक के पीछे बैठे युवक ने अचानक उनके गले से सोने की चेन झपट ली।
पलक झपकते ही फरार हुए आरोपी
घटना इतनी तेजी से हुई कि महिला कुछ समझ पातीं, उससे पहले ही दोनों आरोपी बाइक लेकर फरार हो गए। पीड़िता ने बताया कि दोनों युवक काले रंग की शर्ट पहने हुए थे। बाइक चला रहा युवक हेलमेट लगाए था और दोनों आपस में हिंदी भाषा में बातचीत कर रहे थे। महिला ने पुलिस को बताया कि यदि आरोपी सामने आएं तो वह उनकी पहचान कर सकती हैं। घटना की सूचना मिलते ही कदमा थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

इलाके में बढ़ी चिंता
दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में चिंता और नाराजगी का माहौल है। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और चेन स्नैचिंग जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

Reporter | Samachar Post

