Samachar Post रिपोर्टर, पलामू : पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के खुरा गांव में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब 30 वर्षीय युवक विनोद चौधरी घरेलू विवाद के बाद मोबाइल टावर पर चढ़ गया। घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। जानकारी के अनुसार, युवक का अपनी पत्नी और पिता के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद से आहत होकर वह गुस्से में मोबाइल टावर पर चढ़ गया। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में वह खाना नहीं देने जैसी बात कहते हुए भी दिखाई दे रहा है।
मौके पर पहुंची पुलिस, शुरू की बातचीत
घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस अधिकारियों ने धैर्य और सूझबूझ दिखाते हुए युवक से लगातार बातचीत शुरू की। करीब 45 मिनट तक समझाने-बुझाने के बाद युवक को सुरक्षित टावर से नीचे उतार लिया गया।

यह भी पढ़ें: रांची में दुष्कर्म पीड़िता किशोरी ने की आत्महत्या, हाल ही में आरोपी हो चुका था गिरफ्तार
पुलिस की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
पुलिस की तत्परता और संवेदनशील प्रयासों के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। युवक के नीचे उतरने के बाद पुलिस ने उसे शांत कराया और परिजनों के साथ बातचीत कर मामला सामान्य कराया। घटना के बाद पूरे इलाके में राहत का माहौल देखा गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई और समझदारी की सराहना की, जिससे स्थिति नियंत्रण में आ सकी और कोई अनहोनी नहीं हुई।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।
