Samachar Post रिपोर्टर, लातेहार : लातेहार जिले के सदर थाना क्षेत्र में शनिवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा कोने पिकेट से आगे खुटगड़ी गांव के पास कार और बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर के कारण हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार संख्या JH03 AW 6472 सरयू की ओर से लातेहार आ रही थी, जबकि बाइक पर सवार दो युवक लातेहार से सरयू की ओर जा रहे थे। खुटगड़ी गांव के समीप एक तीखे मोड़ पर दोनों वाहनों की सीधी टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक कई फीट दूर जा गिरे और गंभीर चोटों के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। समाचार लिखे जाने तक दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी।
पेड़ से टकराई कार, सवार फरार
हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के तुरंत बाद कार में सवार दो लोग मौके से फरार हो गए। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर घटनास्थल पर पहुंचे। लोगों ने दोनों युवकों को सड़क पर पड़ा देखा और पुलिस को घटना की सूचना दी।

यह भी पढ़ें: 15 अगस्त तक निवेशकों को मिलेगी 14 हजार एकड़ जमीन, विकास योजनाओं में देरी बर्दाश्त नहीं: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रमोद सिन्हा के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस फरार कार सवारों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। साथ ही वाहन के आधार पर चालक और मालिक की जानकारी जुटाई जा रही है। मृतकों की पहचान के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों को भी सूचना भेजी गई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रखंड उपप्रमुख राजकुमार प्रसाद और पूर्व मुखिया जुलेश्वर लोहरा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने हादसे पर दुख जताते हुए पुलिस से मामले की जांच में तेजी लाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।
