Samachar Post रिपोर्टर, गोड्डा : झारखंड के गोड्डा जिले में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना महागामा थाना क्षेत्र के सरवा उप स्वास्थ्य केंद्र के समीप की है, जहां 22 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया। मामले को लेकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
काम के लिए घर से निकला था युवक
मृतक की पहचान शेख जुल्फिकार के रूप में हुई है, जो महागामा प्रखंड के बाड़ेडीह गांव का निवासी था। परिजनों के अनुसार, जुल्फिकार गुरुवार शाम काम के सिलसिले में दूसरे राज्य जाने के लिए घर से बैग लेकर निकला था। परिवार को लगा कि वह अपने गंतव्य के लिए रवाना हो चुका है, लेकिन शुक्रवार सुबह उसका शव एक पेड़ से लटका मिला।
घटनास्थल से मिले कपड़े
स्थानीय लोगों के मुताबिक, शव के पास युवक के कुछ कपड़े भी पड़े मिले हैं। पुलिस ने घटनास्थल से मिले सामान को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव के साथ गम्हरिया-पथरगामा मुख्य सड़क को जाम कर दिया। उनका आरोप है कि युवक की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया गया है। परिजन मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: जामताड़ा में नाबालिग चोर गिरफ्तार, 8 चोरी के मोबाइल बरामद, पुलिस गिरोह की तलाश में जुटी

पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
सूचना मिलने पर महागामा थाना प्रभारी मनोज पाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से की जा रही है। पुलिस परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है, वहीं घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की भी गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही युवक की मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।
