गिरिडीह में दो बाइकों की भिड़ंत, पिता की मौत, 10 वर्षीय पुत्र गंभीर रूप से घायल

Rupa Kumari | June 25, 2026 | 03:12 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र में गुरुवार को हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उनका 10 वर्षीय पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना कठवारा के समीप हुई, जहां दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। मृतक की पहचान पालगंज निवासी 45 वर्षीय सुजीत कुमार गुप्ता के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल उनके पुत्र मनीष का इलाज गिरिडीह सदर अस्पताल में चल रहा है। परिजनों के अनुसार, सुजीत कुमार गुप्ता अपने पुत्र के साथ पालगंज से बदडीहा मिठाई खरीदने गए थे। लौटने के दौरान कठवारा के पास सामने से आ रही एक बाइक से उनकी टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि दूसरी बाइक के चालक ने अचानक मोड़ लिया, जिसके कारण दोनों वाहनों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई।

हादसे के बाद अस्पताल पहुंचाए गए घायल

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों पिता-पुत्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी और दोनों को इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद सुजीत कुमार गुप्ता को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल बच्चे का उपचार जारी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के बाद दूसरे बाइक चालक को कुछ लोगों ने पकड़ लिया था, लेकिन वह भीड़ का फायदा उठाकर अपनी बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गया।

यह भी पढ़ें: बेगूसराय पीड़िता के परिजनों से मिले तेजस्वी यादव, कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर साधा निशाना

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को जब्त कर लिया गया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस फरार बाइक चालक की तलाश में भी जुटी हुई है। सुजीत कुमार गुप्ता अपने पीछे पत्नी, एक पुत्री और दो पुत्रों को छोड़ गए हैं। हादसे की खबर मिलते ही पालगंज गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में घटना को लेकर दुख का माहौल है।

Share this news

संबंधित खबरें