धनबाद में नकली नमक फैक्ट्री का भंडाफोड़, टाटा और पतंजलि ब्रांड के नाम पर हो रही थी सप्लाई

Meenu | June 26, 2026 | 10:58 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर,धनबाद :झारखंड के धनबाद जिले में पुलिस ने नकली नमक बनाने और पैकिंग करने वाली एक कथित अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। धनसार थाना क्षेत्र में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने फैक्ट्री संचालक और उसके पिता को गिरफ्तार किया। आरोप है कि फैक्ट्री में नामी ब्रांडों के नाम का दुरुपयोग कर नकली नमक तैयार कर बाजार में सप्लाई किया जा रहा था। जानकारी के अनुसार, गुरु नानक कॉलेज के समीप भूदा मुख्य मार्ग पर संचालित इस फैक्ट्री में कथित तौर पर टाटा नमक और पतंजलि नमक के नाम से डुप्लीकेट पैकिंग कर नकली उत्पाद बाजार में भेजे जा रहे थे। टाटा कंपनी के अनुसंधान पदाधिकारी अंजन कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिलने के बाद इसकी जानकारी धनसार थाना पुलिस को दी गई। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी मनोहर करमाली के नेतृत्व में पुलिस टीम ने फैक्ट्री पर छापेमारी की।

यह भी पढ़ें :मेदिनीनगर जोड़ हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार घायल, 15 दिनों में तीन लोगों की जा चुकी है जान

भारी मात्रा में नकली नमक और पैकिंग सामग्री बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस और कंपनी के प्रतिनिधियों ने पाया कि परिसर में कथित रूप से नकली नमक तैयार कर ब्रांडेड कंपनियों के नाम से पैकिंग की जा रही थी। मौके से बड़ी मात्रा में डुप्लीकेट पैकिंग सामग्री, तैयार पैकेट और नकली नमक बरामद किया गया। पुलिस ने फैक्ट्री संचालक शुभम अग्रवाल और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि नकली नमक की सप्लाई किन-किन इलाकों में की जा रही थी और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। जब्त सामग्री की भी जांच कराई जाएगी।

उपभोक्ताओं की सेहत से खिलवाड़ का आरोप

प्राथमिक जांच में मामला उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ और नामी कंपनियों के ब्रांड का कथित दुरुपयोग कर अवैध कारोबार चलाने से जुड़ा माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

Share this news

संबंधित खबरें