Samachar Post रिपोर्टर, रांची :विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर HCG अब्दुर रज्जाक अंसारी कैंसर हॉस्पिटल, रांची की ओर से तंबाकू सेवन से होने वाले कैंसर और उसके बढ़ते खतरे को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान अस्पताल में मीडिया कॉन्फ्रेंस आयोजित कर लोगों को कैंसर की रोकथाम, प्रारंभिक पहचान और समय पर इलाज के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में कैंसर विशेषज्ञों, चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों और मीडिया प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। विशेषज्ञों ने कहा कि तंबाकू आज भी रोके जा सकने वाले कैंसर के सबसे बड़े कारणों में शामिल है और जागरूकता के जरिए कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।
यह भी पढ़ें :साहेबगंज: बरहेट में एक ही रात 10 मोबाइल चोरी, गांव में दहशत का माहौल
शुरुआती जांच और जागरूकता पर जोर
विशेषज्ञों ने कहा कि कैंसर के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज करना खतरनाक साबित हो सकता है। समय पर जांच और उपचार से कैंसर के इलाज के बेहतर परिणाम मिलते हैं। HCG अब्दुर रज्जाक अंसारी कैंसर हॉस्पिटल के कंसल्टेंट हेड एंड नेक सर्जिकल ऑन्कोलॉजी डॉ. गणेश अग्रवाल ने कहा कि तंबाकू का असर शरीर के कई अंगों पर पड़ता है और इससे कई प्रकार के कैंसर का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने परिवार और समाज स्तर पर जागरूकता बढ़ाने की जरूरत बताई। वहीं सीनियर कंसल्टेंट रेडिएशन ऑन्कोलॉजी डॉ. आफताब आलम अंसारी ने कहा कि कैंसर की प्रारंभिक पहचान मरीज के स्वस्थ होने की संभावना को काफी बढ़ा देती है। उन्होंने लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और प्रिवेंटिव हेल्थकेयर को अपनाने की अपील की। विशेषज्ञों ने चिंता जताई कि आज भी बड़ी संख्या में मरीज तब अस्पताल पहुंचते हैं, जब कैंसर काफी बढ़ चुका होता है। इससे इलाज जटिल और चुनौतीपूर्ण हो जाता है। उन्होंने कहा कि नियमित स्क्रीनिंग, स्वस्थ जीवनशैली और जागरूकता के जरिए कैंसर के बढ़ते मामलों को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
PAAN अभियान के जरिए लोगों को किया जागरूक
विश्व तंबाकू निषेध दिवस के तहत अस्पताल की ओर से विशेष “PAAN” (Public Awareness Against Nicotine) अभियान भी चलाया गया। इसका उद्देश्य लोगों को तंबाकू सेवन के नुकसान और हेड एंड नेक कैंसर से उसके संबंध के बारे में जागरूक करना था। कार्यक्रम के दौरान लोगों को तंबाकू उत्पादों से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए प्रेरित किया गया।
अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है अस्पताल
HCG अब्दुर रज्जाक अंसारी कैंसर हॉस्पिटल, रांची कैंसर उपचार के क्षेत्र में अत्याधुनिक तकनीकों और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम के साथ सेवाएं प्रदान कर रहा है। अस्पताल में सर्जिकल ऑन्कोलॉजी, मेडिकल ऑन्कोलॉजी, रेडिएशन ऑन्कोलॉजी और पीडियाट्रिक ऑन्कोलॉजी जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके अलावा PET CT जैसी उन्नत डायग्नोस्टिक सुविधाएं और सुरक्षित उपचार प्रोटोकॉल भी मरीजों को उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
Reporter | Samachar Post