Samachar Post रिपोर्टर, रांची :दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। दक्षिण पूर्व रेलवे ने जनजातीय दिवस के अवसर पर टाटानगर से आनंद विहार टर्मिनल के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेन आज देर रात टाटानगर स्टेशन से रवाना होगी। गर्मी की छुट्टियों और ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए यह विशेष व्यवस्था की है। दिल्ली रूट पर इन दिनों अधिकांश ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है, ऐसे में इस स्पेशल ट्रेन से यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें :चलती ट्रेन से डेढ़ महीने के बच्चे को फेंकने का आरोप, मासूम की मौत
आज रात 12:30 बजे खुलेगी स्पेशल ट्रेन
रेलवे द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक ट्रेन संख्या 08183 टाटानगर-आनंद विहार जनजातीय दिवस स्पेशल 23 मई की रात 12 बजकर 30 मिनट पर टाटानगर स्टेशन से रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन सुबह करीब 3 बजकर 30 मिनट पर आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 08184 आनंद विहार-टाटानगर स्पेशल 25 मई को आनंद विहार से रात 1 बजकर 45 मिनट पर खुलेगी और अगले दिन रात 12 बजकर 15 मिनट पर टाटानगर पहुंचेगी।
इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव
रेलवे के अनुसार यह स्पेशल ट्रेन दक्षिण पूर्व रेलवे के कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रुकेगी। इसमें खास तौर पर मुरी और बोकारो स्टील सिटी स्टेशन शामिल हैं। इससे झारखंड और बिहार के यात्रियों को दिल्ली आने-जाने में काफी सुविधा मिलेगी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को कन्फर्म सीट उपलब्ध कराने के लिए यह कदम उठाया गया है।
रेलवे ने यात्रियों से की अपील
रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन का समय और लाइव स्टेटस चेक करने की अपील की है। यात्री रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट और NTES ऐप के जरिए ट्रेन की ताजा जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। दक्षिण पूर्व रेलवे ने टाटानगर के अलावा रांची और हावड़ा से भी दिल्ली के लिए जनजातीय दिवस स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है।
Reporter | Samachar Post