“दारू है?” पूछकर मारी गोली, साहिबगंज में आदिवासी युवक की हत्या से सनसनी

Rupa Kumari | May 8, 2026 | 01:55 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,साहिबगंज : साहिबगंज जिले में एक आदिवासी युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय जलका उर्फ सीताराम हेम्ब्रम के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है। मामला बरहेट थाना क्षेत्र के छोटा उदाली गांव स्थित चांदू टोला का है। शुरुआती जांच में जमीन विवाद को हत्या की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

शराब मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद

मृतक की पत्नी मिरु मरांडी ने आरोप लगाया है कि जेठा हेम्ब्रम नामक व्यक्ति गुरुवार रात करीब 9 बजे उनके घर पहुंचा और शराब मांगी। मिरु मरांडी के अनुसार, जब उन्होंने बताया कि घर में शराब नहीं है, तो आरोपी गुस्से में आ गया और दंपति को जान से मारने की धमकी देने लगा। इसके बाद आरोपी ने जलका हेम्ब्रम को बेहद करीब से गोली मार दी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े। मिरु मरांडी का कहना है कि आरोपी ने करीब तीन महीने पहले भी उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

यह भी पढ़ें: जामताड़ा में बिरसा मुंडा की प्रतिमा खंडित, सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासन पर उठे सवाल

देर रात पहुंची पुलिस, जांच जारी

स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना रात 9 बजे हुई, लेकिन पुलिस करीब 1 बजे घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की असली वजह और आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

Share this news

संबंधित खबरें