Samachar Post रिपोर्टर, रांची :राजधानी रांची में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में नगर निगम ने एक साथ चार नई विकास योजनाओं की शुरुआत की है। सोमवार को रोशनी खलखो ने कांके विधायक सुरेश बैठे की मौजूदगी में इन परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इन योजनाओं में सड़क निर्माण, नाली निर्माण और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। नगर निगम का दावा है कि इन कामों के पूरा होने के बाद स्थानीय लोगों को काफी राहत मिलेगी।
यह भी पढ़ें :बिहार में मॉनसून से पहले 45 हजार पुलों का होगा निरीक्षण, बाढ़ से बचाव की तैयारी तेज
वार्ड 5 और 6 में शुरू हुए विकास कार्य
नगर निगम की ओर से शुरू की गई योजनाओं में वार्ड नंबर 6 के बांधगाड़ी रोड नंबर 5 में RCC नाली निर्माण कार्य शामिल है। इस परियोजना से जलजमाव और गंदगी की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। इसके अलावा बांधगाड़ी इलाके में अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निर्माण भी किया जाएगा। इसके शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं अपने इलाके में ही मिल सकेंगी।
सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य भी शुरू
तीसरी योजना के तहत जयप्रकाश नगर रोड में बिटुमिनस सड़क की मरम्मत और प्रगति मार्ग में PCC सड़क निर्माण कार्य शुरू किया गया है। वहीं चौथी योजना वार्ड नंबर 5 के बड़गाईं शिवाजी नगर में दुबे जी के घर के पास PCC पथ निर्माण से जुड़ी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से इन इलाकों में सड़क और ड्रेनेज की समस्या बनी हुई थी।
लोगों की रोजमर्रा की समस्याएं होंगी कम: मेयर
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान रोशनी खलखो ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य सिर्फ योजनाओं की घोषणा करना नहीं, बल्कि लोगों की रोजमर्रा की परेशानियों को कम करना है। उन्होंने कहा कि अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनने से लोगों को इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा, जबकि सड़क और नाली निर्माण से आवागमन और साफ-सफाई की स्थिति बेहतर होगी।
स्थानीय लोगों में दिखा उत्साह
एक साथ चार योजनाओं की शुरुआत से स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल देखा गया। लोगों का कहना है कि यदि ये योजनाएं समय पर पूरी हो जाती हैं तो इलाके की तस्वीर बदल सकती है। कार्यक्रम में वार्ड 6 की पार्षद मोनिका खलखो, वार्ड 5 के पार्षद अवधेश बैठा समेत कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
Reporter | Samachar Post