रांची में मोबाइल छिनतई करने वाला आरोपी गिरफ्तार, छीना गया फोन बरामद

Rupa Kumari | May 13, 2026 | 04:39 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची: राजधानी रांची में बढ़ती मोबाइल छिनतई की घटनाओं के बीच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लोअर बाजार थाना क्षेत्र में मोबाइल छिनतई की वारदात को अंजाम देने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से छीना गया मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह सूचना मिली थी कि बिशप स्कूल की ओर बस टोली जाने वाले रास्ते पर एक युवक से मोबाइल छिनतई की घटना हुई है। सूचना मिलते ही पीसीआर और बाइक पेट्रोलिंग टीम तुरंत सक्रिय हो गई।

घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने इलाके में घेराबंदी शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके पास से छिनतई किया गया मोबाइल फोन बरामद हुआ। इसके बाद आरोपी को थाना लाकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. फैज अंसारी उर्फ केका के रूप में की है। वह करीब 22 वर्ष का बताया जा रहा है और लोअर बाजार थाना क्षेत्र के करबला चौक मजार गली का निवासी है।

यह भी पढ़ें: रांची में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर सख्ती, ब्लैक फिल्म और नशे में ड्राइविंग पर चलेगा अभियान

मामला दर्ज, पुराने रिकॉर्ड की जांच

इस मामले में लोअर बाजार थाना में कांड संख्या 85/26 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 304(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी पहले भी मोबाइल छिनतई या अन्य आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है या नहीं।

सतर्कता से मिली सफलता

रांची में लगातार बढ़ रही मोबाइल छिनतई की घटनाओं को देखते हुए पुलिस पहले से अलर्ट मोड में थी। थाना क्षेत्र में पीसीआर, बाइक पेट्रोलिंग और स्थानीय पुलिस को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया था। पुलिस का कहना है कि इसी सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की वजह से घटना के कुछ ही देर बाद आरोपी को पकड़ लिया गया।

Share this news

संबंधित खबरें