Samachar Post रिपोर्टर, रांची: रांची के टाटीसिल्वे थाना क्षेत्र में हुए कमलेश कुमार हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने पति-पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे अवैध संबंध की वजह थी। पुलिस ने इस केस में शिवनाथ कुमार सिंह (33), उसकी पत्नी अंगिता देवी (28) और साहिल राजा (19) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में तीनों ने हत्या की साजिश और वारदात में अपनी भूमिका कबूल कर ली है।
तकनीकी जांच से सुलझी गुत्थी
राकेश रंजन के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की। रुरल एसपी गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में टीम ने लगातार छापेमारी कर आरोपियों को पकड़ा। पुलिस के अनुसार, कमलेश कुमार की हत्या अनगड़ा थाना क्षेत्र स्थित एक घर में की गई थी। इसके बाद शव को हाईवा ट्रक में लादकर टाटीसिल्वे के मानकीडीपा रिंग रोड के पास फेंका गया। मामले को सड़क हादसा दिखाने के लिए शव पर ट्रक का पहिया भी चढ़ाया गया, लेकिन जांच में सच्चाई सामने आ गई।
यह भी पढ़ें: JAC 12th Result 2026: रिजल्ट जारी होने के संकेत, DigiLocker पर एक्टिव हुआ पोर्टल
अवैध संबंध बना हत्या की वजह
जांच में खुलासा हुआ कि मृतक और आरोपी की पत्नी के बीच अवैध संबंध थे। इसी बात से नाराज होकर शिवनाथ ने हत्या की साजिश रची और साहिल राजा के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल हाईवा ट्रक, एक स्कूटी और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इस पूरे ऑपरेशन में सीनियर डीएसपी अमर कुमार पांडेय, टाटीसिल्वे थाना प्रभारी हंसे उरांव और नामकुम थाना प्रभारी राम नारायण समेत कई पुलिस अधिकारी और जवान शामिल रहे।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।