Samachar Post रिपोर्टर, रांची: राजधानी रांची में अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है। चुटीया थाना क्षेत्र में रविवार देर रात करीब 2 बजे होमगार्ड जवान को निशाना बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। बदमाशों ने चाकू के बल पर जवान की स्कूटी छीन ली और मौके से फरार हो गए। मिली जानकारी के अनुसार होमगार्ड जवान गणेश राम ड्यूटी खत्म कर स्कूटी से रेलवे कॉलोनी स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रेलवे स्टेशन के पीछे पंचवटी चौक के पास पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन्हें रोक लिया। बताया जा रहा है कि जवान कुछ समझ पाते, उससे पहले बदमाशों ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और स्कूटी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
वर्दी और टोपी सड़क किनारे फेंकी
वारदात के दौरान अपराधियों की एक चौंकाने वाली हरकत भी सामने आई। जानकारी के मुताबिक स्कूटी लूटने के बाद बदमाशों को एहसास हुआ कि वाहन पर पुलिसकर्मी की वर्दी और टोपी रखी हुई है। पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने जवान की वर्दी और टोपी रास्ते में ही फेंक दी, ताकि उनकी पहचान छिपी रह सके।
यह भी पढ़ें: सोशल मीडिया के जरिए बढ़ रहा HIV संक्रमण का खतरा, धनबाद में सामने आए कई मामले
CCTV खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस महकमे में चिंता का माहौल है। राजधानी में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं ने रात की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर ड्यूटी से लौट रहे सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाए जाने से कानून-व्यवस्था को लेकर बहस तेज हो गई है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।