Samachar Post रिपोर्टर,पटना :राजधानी पटना में मंगलवार सुबह गंगा नदी में नहाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गहरे पानी में डूबने से तीन युवकों की मौत हो गई। घटना पीरबहोर थाना क्षेत्र के गांधी घाट की बताई जा रही है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर तीनों शवों को नदी से बाहर निकाला।
यह भी पढ़ें :नवादा में दिल दहला देने वाली वारदात, माता-पिता और भाई ने 18 वर्षीय बेटी की हत्या कर शव दफनाया
दोस्त को बचाने के दौरान डूबे तीनों युवक
जानकारी के मुताबिक, कंकड़बाग निवासी 20 वर्षीय समर कुमार मंगलवार सुबह अपने दो दोस्तों के साथ गंगा नदी में स्नान करने गया था। नहाने के दौरान समर गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। समर को बचाने के लिए उसके दोनों दोस्त नदी में आगे बढ़े, लेकिन तेज धारा की चपेट में आने से वे भी डूब गए। देखते ही देखते तीनों युवक गहरे पानी में समा गए।
SDRF ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही पीरबहोर थाना पुलिस और SDRF की टीम घटनास्थल पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद टीम ने तीनों शवों को नदी से बाहर निकाला। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया है। फिलहाल मृतक समर कुमार की पहचान हो चुकी है, जबकि उसके साथ डूबे दो अन्य युवकों की पहचान खबर लिखे जाने तक नहीं हो पाई थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
Reporter | Samachar Post