Samachar Post डेस्क,बिहार :बिहार के नवादा जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। पकरीबरावां थाना क्षेत्र में माता-पिता और भाई ने मिलकर अपनी ही 18 वर्षीय बेटी की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, साक्ष्य छिपाने के लिए शव को बोरे में भरकर नदी किनारे मिट्टी में दफना दिया गया। घटना नवादा जिले के धमौल थाना क्षेत्र अंतर्गत धराहरा गांव की बताई जा रही है। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतका के माता-पिता और भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
यह भी पढ़ें :साहिबगंज में शेरशाहबादी डेवलपमेंट सोसाइटी का धरना खत्म, प्रमाण पत्र विवाद सुलझाने के लिए बनेगी कमेटी
मृतका की पहचान नंदिनी कुमारी के रूप में
मृतक युवती की पहचान 18 वर्षीय नंदिनी कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना 30 अप्रैल की रात की है। स्थानीय लोगों ने पुलिस को मामले की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि युवती के पिता ने पत्नी और बेटे के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। हत्या के बाद शव को बोरे में भरकर कौड़ीहारी नदी किनारे मिट्टी में गाड़ दिया गया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को भेजा जेल
इस मामले में पुलिस ने मृतका के पिता बिरजू चौधरी, मां लखिया देवी और भाई जितेंद्र चौधरी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पकरीबरावां एसडीपीओ सुजय विद्यार्थी ने बताया कि मामले की जानकारी रविवार को स्थानीय चौकीदार के माध्यम से मिली थी। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए पूरे मामले का खुलासा किया। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।
Reporter | Samachar Post