Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : जामताड़ा जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र अंतर्गत जीतपुर जंगल में शनिवार को युवक-युवती के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय ग्रामीणों ने झाड़ियों में दोनों शव देख तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मौके पर पहुंची पुलिस, साक्ष्य जुटाए
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रदीप राणा अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शवों को कब्जे में लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस इंस्पेक्टर अब्दुल रहमान भी मौके पर पहुंचे और जांच की कमान संभाली। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं।
यह भी पढ़ें: चाईबासा में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी, 5 किलो जिलेटिन और हथियार बरामद
युवक की पहचान, युवती की शिनाख्त जारी
प्राथमिक जांच में मृतक युवक की पहचान बोदमा गांव निवासी सागेन हेंब्रम के रूप में हुई है, जो पहले से शादीशुदा बताया जा रहा है। वहीं, मृतका युवती की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस उसकी शिनाख्त में जुटी हुई है।
प्रेम प्रसंग और आत्महत्या की आशंका
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने जहर खाकर आत्महत्या की है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।
पुलिस का बयान
पुलिस के अनुसार, ग्रामीणों की सूचना पर त्वरित कार्रवाई की गई है और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।