जामताड़ा में GPS की वजह से भटका कंटेनर, 11 हजार वोल्ट तार से टकराया; चालक गंभीर घायल

Rupa Kumari | May 2, 2026 | 04:13 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : जामताड़ा जिले में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब GPS के निर्देशों पर चल रहा एक कंटेनर हाई-वोल्टेज बिजली तार से टकरा गया। यह घटना शहर के गायछंद मोड़ के पास प्रस्तावित NH-419 मार्ग पर शुक्रवार देर रात हुई। जानकारी के मुताबिक, उत्तराखंड नंबर का कंटेनर धनबाद की ओर जा रहा था। चालक GPS के निर्देशों का पालन करते हुए मुख्य मार्ग से भटककर संकरे ग्रामीण रास्ते पर पहुंच गया।

11 हजार वोल्ट तार से टकराते ही फैला करंट

जैसे ही कंटेनर गायछंद मोड़ के पास पहुंचा, उसकी ऊंची बॉडी सड़क के ऊपर से गुजर रहे करीब 11,000 वोल्ट के तार से टकरा गई। तार के संपर्क में आते ही पूरे वाहन में करंट फैल गया, जिससे स्थिति बेहद खतरनाक हो गई।

यह भी पढ़ें: पटना में दंपती पर हमला: पति की हत्या, पत्नी गंभीर घायल; चोरी के इरादे से घर में घुसा था आरोपी

चालक ने कूदकर बचाई जान

हादसे के दौरान चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए चलती गाड़ी से छलांग लगा दी। इस दौरान वह सड़क किनारे खंभे से टकरा गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

शॉर्ट सर्किट से टला बड़ा हादसा

शॉर्ट सर्किट की वजह से कुछ ही सेकंड में बिजली आपूर्ति बंद हो गई, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। घायल होने के बावजूद चालक ने हिम्मत दिखाते हुए कंटेनर को पीछे कर सुरक्षित स्थान पर खड़ा किया। स्थानीय लोगों ने इस घटना के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में हाई-वोल्टेज तार काफी नीचे लटक रहे हैं और कई बार शिकायत के बावजूद सुधार नहीं किया गया।

Share this news

संबंधित खबरें