Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :जमशेदपुर में सड़क हादसों पर नहीं लग रही रोक, अप्रैल में 31 दुर्घटनाओं में 24 लोगों की मौतमें सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार अभियान चलाए जाने के बावजूद सड़क हादसों में मौतों का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है। अप्रैल महीने में जिले में हुई 31 सड़क दुर्घटनाओं में 24 लोगों की जान चली गई। इनमें शहर क्षेत्र में 13 और राष्ट्रीय राजमार्गों पर 11 लोगों की मौत हुई। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि जब प्रशासन की ओर से ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए जा चुके हैं और ड्रिंक एंड ड्राइव व ओवरस्पीडिंग के खिलाफ लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं, तो हादसों में कमी क्यों नहीं आ रही।
यह भी पढ़ें :सीएम हेमंत सोरेन ने 319 शिक्षकों और 17 महिला पर्यवेक्षिकाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र
सड़क दुर्घटनाओं को लेकर डीसी ने जताई चिंता
सोमवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं यातायात प्रबंधन की बैठक में राजीव रंजन ने सड़क दुर्घटनाओं पर गंभीर चिंता जताई। समीक्षा बैठक में पाया गया कि अधिकांश हादसे तेज रफ्तार, शराब पीकर वाहन चलाने, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने के कारण हुए।
ब्लैक स्पॉट और सुरक्षा उपायों पर हुई चर्चा
बैठक में प्रशासन की ओर से राष्ट्रीय और राज्य उच्च पथों पर दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान, रंबल स्ट्रिप लगाने, रेडियम संकेतक लगाने, स्ट्रीट लाइट मरम्मत और क्रैश बैरियर लगाने जैसे उपायों पर चर्चा की गई। हालांकि लगातार हो रही मौतों ने इन व्यवस्थाओं की जमीनी प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
समर वेकेशन के बाद स्कूल वाहनों की होगी जांच
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि समर वेकेशन के बाद स्कूल वाहनों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा। बिना फिटनेस, बिना परमिट, ओवरलोडेड और पुराने वैन-ऑटो को स्कूल परिवहन से हटाने की कार्रवाई की जाएगी। यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है जब लंबे समय से जर्जर स्कूली वाहनों के संचालन को लेकर शिकायतें उठती रही हैं।
ट्रैफिक पुलिस को सख्त अभियान चलाने का निर्देश
डीसी ने परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस को ड्रिंक एंड ड्राइव, ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों के खिलाफ नियमित अभियान चलाने का निर्देश दिया। साथ ही स्कूलों और कॉलेजों में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम और हेलमेट अभियान तेज करने को भी कहा गया। बैठक में रूरल एसपी, डीटीओ, एसडीएम धालभूम, एसडीपीओ घाटशिला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन और स्कूल वाहन संचालकों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
Reporter | Samachar Post