Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :जमशेदपुर के पूर्वी सिंहभूम जिले स्थित जादूगोड़ा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नरवा पहाड़-जादूगोड़ा मुख्य सड़क पर ऑटो और बाइक की जोरदार टक्कर में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा जादूघुटू के पास रात करीब साढ़े नौ बजे हुआ। मृतक की पहचान जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के राजदोहा स्थित खुर्शी टोला निवासी सुरेंद्र हांसदा (30) के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल दशमत हांसदा का इलाज यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (UCIL) अस्पताल में चल रहा है।
यह भी पढ़ें :बकरीद को लेकर खूंटी पुलिस अलर्ट मोड में, चप्पे-चप्पे पर रहेगी सुरक्षा व्यवस्था
विपरीत दिशा से आ रही ऑटो से हुई टक्कर
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बाइक से जादूगोड़ा से नरवा पहाड़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक ऑटो से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही जादूगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद सुरेंद्र हांसदा को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि घायल युवक का इलाज जारी है। फिलहाल पुलिस सड़क हादसे के कारणों की जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
Reporter | Samachar Post