Samachar Post रिपोर्टर,मधुपुर :ईद-उल-अजहा यानी बकरीद के मौके पर गुरुवार को मधुपुर के खलासी मोहल्ला स्थित मदीना ईदगाह में खास रौनक देखने को मिली। यहां झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री और जामताड़ा विधायक डॉ. इरफान अंसारी ने नमाज अदा की। नमाज के बाद उन्होंने लोगों से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी और देश-प्रदेश में अमन, शांति और भाईचारे की दुआ मांगी। सुबह से ही ईदगाह में लोगों की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। नए कपड़े पहनकर बड़ी संख्या में लोग नमाज अदा करने पहुंचे। नमाज के बाद पूरे इलाके में भाईचारे और सौहार्द का माहौल देखने को मिला।
यह भी पढ़ें :झारखंड में धूमधाम से मनाई जा रही बकरीद, मस्जिदों और ईदगाहों में उमड़ी नमाजियों की भीड़
डॉ. इरफान अंसारी ने दिया मोहब्बत और एकता का संदेश
नमाज के बाद स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि बकरीद त्याग, प्रेम और खुशियां बांटने का त्योहार है। उन्होंने लोगों से मिल-जुलकर त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी लोग एक-दूसरे के घर जाएं, खाएं-खिलाएं और आपसी प्यार बढ़ाएं। मंत्री ने यह भी कहा कि समाज में नफरत फैलाने वालों को भी अपने घर बुलाकर दावत दें, ताकि वे भाईचारे और मोहब्बत की ताकत को समझ सकें। डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि उन्होंने अल्लाह से झारखंड और पूरे देश में शांति, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी है। उन्होंने कहा कि हर घर में सुख-शांति बनी रहे और देश लगातार मजबूत बने, यही उनकी कामना है।
प्रशासन रहा पूरी तरह अलर्ट
मदीना ईदगाह में नमाज का समय सुबह सात बजे तय किया गया था। पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। ईदगाह और आसपास के इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की गई थी और लगातार निगरानी रखी जा रही थी। पूरे कार्यक्रम के दौरान शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल बना रहा। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की बधाई दी और खुशियां साझा कीं।
Reporter | Samachar Post