Samachar Post रिपोर्टर,हजारीबाग :हजारीबाग में अड्डेबाजी और मनचले युवकों पर कार्रवाई के लिए पुलिस ने देर रात विशेष अभियान चलाया। एसपी अमन कुमार के निर्देश पर जिलेभर में एक साथ छापेमारी की गई, जिसमें 51 युवकों को हिरासत में लिया गया। हालांकि बाद में सभी को पीआर बॉन्ड पर चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
यह भी पढ़ें :जमशेदपुर में सेकेंड हैंड कार शोरूम के बाहर लगी आग, बड़ा हादसा टला
39 टीमों ने चलाया सघन अभियान
पुलिस के मुताबिक 6 और 7 मई की रात यह अभियान जिले के सभी डीएसपी और इंस्पेक्टर के नेतृत्व में चलाया गया। इसके लिए कुल 39 टीमों का गठन किया गया था। अभियान में 176 पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे, जिन्होंने शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक कई स्थानों पर एक साथ कार्रवाई की।
119 जगहों पर हुई छापेमारी
पुलिस टीमों ने उन स्थानों को चिन्हित किया था, जहां अक्सर युवकों की भीड़ लगने और राहगीरों को परेशान करने की शिकायत मिल रही थी। इस दौरान जिलेभर में कुल 119 ठिकानों पर छापेमारी की गई। कई जगहों पर पुलिस ने युवकों से पूछताछ भी की। कार्रवाई के दौरान 51 ऐसे युवकों को पकड़ा गया, जो सार्वजनिक स्थलों पर अड्डेबाजी और लोगों को परेशान करते पाए गए। पुलिस ने सभी युवकों को थाना लाकर भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी। बाद में सभी को पीआर बॉन्ड पर छोड़ दिया गया।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
एसपी अमन कुमार ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और महिलाओं व आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आगे भी इसी तरह का अभियान लगातार चलाया जाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी इलाके में अड्डेबाजी या मनचलों की वजह से परेशानी हो रही हो, तो इसकी जानकारी तुरंत नजदीकी थाना को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।
Reporter | Samachar Post