Samachar Post रिपोर्टर, बिहार: गोपालगंज बिहार के गोपालगंज जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। गंडक नदी पार करने के दौरान एक ही परिवार की तीन मासूम बच्चियां तेज धारा में बह गईं। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई, वहीं पूरे गांव में मातम का माहौल है। यह हादसा महम्मदपुर थाना क्षेत्र के डुमरिया घाट पर हुआ। सूचना मिलते ही SDRF और NDRF की टीम मौके पर पहुंची और बच्चियों की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
मां के सामने बह गईं तीनों बच्चियां
मिली जानकारी के अनुसार, तीनों बच्चियां अपनी मां के साथ खेत में काम करने जा रही थीं। इसी दौरान नदी पार करते समय अचानक पानी की तेज धारा में तीनों एक साथ बह गईं। घटना इतनी अचानक हुई कि मां कुछ समझ पाती, उससे पहले ही बच्चियां नदी की तेज धारा में गायब हो गईं। हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
यह भी पढ़ें: बिहार के कई जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट, लोगों को गर्मी से मिलेगी राहत
SDRF-NDRF चला रही रेस्क्यू ऑपरेशन
स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना प्रशासन को दी। इसके बाद SDRF और NDRF की टीम मौके पर पहुंची और नदी में खोजबीन शुरू की गई। हालांकि खबर लिखे जाने तक तीनों बच्चियों का कोई सुराग नहीं मिल पाया था। बताया जा रहा है कि इन दिनों नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है, जिससे धारा काफी तेज हो गई है।
गांव में पसरा सन्नाटा
घटना के बाद पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मां सदमे में है और गांव के लोग भी इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं। मौके पर महम्मदपुर थाना प्रभारी चंदन कुमार भी मौजूद हैं और पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कुदरत के इस कहर ने एक मां की गोद एक साथ सूनी कर दी। गांव में हर आंख नम है और लोग बच्चियों के सकुशल मिलने की दुआ कर रहे हैं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।