Samachar Post रिपोर्टर, गढ़वा : गढ़वा शहर की लाइटिंग व्यवस्था और सौंदर्यीकरण को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने ‘जगमग गढ़वा’ योजना के लिए विधायक निधि से 10 लाख रुपये देने की घोषणा की है। गढ़वा नगर परिषद में आयोजित बैठक के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष दौलत सोनी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने विधायक से मुलाकात की। बैठक में शहर की विकास योजनाओं, स्ट्रीट लाइट और बुनियादी सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
यह भी पढ़ें: पांकी CHC में वसूली कांड पर बड़ी कार्रवाई, डॉक्टर और एएनएम पर गिरी गाज
आधुनिक लाइटिंग से चमकेगा शहर
विधायक ने कहा कि इस राशि से शहर की सड़कों, गलियों और मोहल्लों में आधुनिक लाइटिंग व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। इससे रात में रोशनी बेहतर होगी और सुरक्षा व्यवस्था में भी सुधार आएगा। सत्येंद्रनाथ तिवारी ने कहा कि गढ़वा के विकास के लिए राज्य और केंद्र सरकार से अतिरिक्त फंड लाने का प्रयास भी जारी है। उन्होंने पार्षदों से शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में सहयोग की अपील की।
नगर परिषद ने जताया आभार
नगर परिषद अध्यक्ष दौलत सोनी ने विधायक की पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह कदम शहर के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने बताया कि राशि का उपयोग मुख्य चौराहों और अंधेरी गलियों में बेहतर रोशनी की व्यवस्था करने में किया जाएगा। इस मौके पर नगर परिषद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि घनश्याम गुप्ता उर्फ पुतुल, वार्ड पार्षद सुनील कुमार समेत कई जनप्रतिनिधि और पार्षद मौजूद रहे।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।