Samachar Post रिपोर्टर,बोकारो : झारखंड के बोकारो जिले में गुरुवार को गोमिया के पूर्व विधायक और बिहार-झारखंड के पूर्व मंत्री माधव लाल सिंह का पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। गोमिया प्रखंड के साड़म स्थित बोकारो नदी तट पर उन्हें अंतिम विदाई दी गई। अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में समर्थक, आम लोग, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। माहौल बेहद भावुक था और हर आंख नम दिखाई दी।
गार्ड ऑफ ऑनर के साथ दी गई अंतिम सलामी
राजकीय सम्मान के तहत सशस्त्र बलों ने दिवंगत नेता को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। जवानों की सलामी के बीच माधव लाल सिंह को अंतिम विदाई दी गई। अंतिम संस्कार के दौरान पूरा इलाका नारों से गूंज उठा। समर्थकों ने “माधव लाल अमर रहें” और “गोमिया का एक लाल कैसा हो – माधव लाल जैसा हो” जैसे नारे लगाए। लोगों का कहना था कि माधव बाबू सिर्फ एक राजनेता नहीं, बल्कि जनता के दिलों में बसने वाले जननेता थे।
यह भी पढ़ें: मंईयां योजना में अवैध वसूली का आरोप, गिरिडीह की आंगनबाड़ी सेविका का वीडियो वायरल
अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
योगेंद्र प्रसाद समेत कई नेताओं और अधिकारियों ने पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, झामुमो जिलाध्यक्ष रतनलाल मांझी, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र राज सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा, एसडीपीओ बेरमो बीएन सिंह, बीडीओ गोमिया और अन्य अधिकारी भी अंतिम संस्कार में शामिल हुए।
गरीबों की आवाज के रूप में थी पहचान
माधव लाल सिंह को गोमिया और आसपास के क्षेत्रों में गरीबों और जरूरतमंदों की आवाज के रूप में जाना जाता था। सामाजिक मुद्दों पर उनकी सक्रियता और जनता से सीधा जुड़ाव उनकी खास पहचान थी। उनके निधन की खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि माधव बाबू हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़े रहने वाले नेता थे।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।