Samachar Post रिपोर्टर,दुमका :दुमका में बिजली और पानी की समस्या को लेकर सियासी माहौल गर्म हो गया है। भाजपा नेताओं ने जनाक्रोश रैली और धरना प्रदर्शन के जरिए राज्य सरकार के खिलाफ जमकर हमला बोला। नेताओं का आरोप है कि भीषण गर्मी में आम जनता बिजली कटौती और पानी की किल्लत से परेशान है, लेकिन सरकार इस मुद्दे पर गंभीर नहीं दिख रही। भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
यह भी पढ़ें :NEET UG 2026 परीक्षा रद्द, पेपर लीक विवाद के बीच CBI जांच के आदेश
पूर्व मंत्री राज पलिवार ने सरकार को घेरा
जनाक्रोश रैली और धरना कार्यक्रम के प्रभारी एवं पूर्व मंत्री राज पलिवार ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि लोग बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान हैं, लेकिन सरकार पूरी तरह चुप है। राज पलिवार ने कहा कि बिजली और पानी की समस्या सिर्फ राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि आम लोगों की रोजमर्रा की परेशानी का सवाल है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो भाजपा सरकार को चैन से नहीं बैठने देगी।
अभयकांत प्रसाद बोले- हर मोर्चे पर विफल है सरकार
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अभयकांत प्रसाद ने भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है और जनता बिजली-पानी जैसी बुनियादी समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मुद्दे को लेकर लगातार आंदोलन करती रहेगी और जरूरत पड़ी तो सरकार के खिलाफ बड़ा जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा। अभयकांत प्रसाद ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार के भीतर ही आपसी खींचतान चल रही है और मंत्री एक-दूसरे से उलझे हुए हैं।
विधायक देवेंद्र कुंवर ने उठाए स्थानीय मुद्दे
देवेंद्र कुंवर ने भी स्थानीय समस्याओं को लेकर सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चापानल लगाने के लिए सीमित जगहों के नाम मांगे जा रहे हैं, जबकि कई पंचायतों में पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है। उन्होंने नोनीहाट इलाके का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां दो दिनों तक बिजली नहीं रही, जबकि उसी दौरान धार्मिक कार्यक्रम आयोजित हो रहे थे। इससे लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
भाजपा नेताओं ने साफ संकेत दिया कि यह आंदोलन की शुरुआत भर है। यदि सरकार ने जल्द बिजली और पानी की समस्या पर ठोस कदम नहीं उठाए तो सड़क से लेकर सदन तक विरोध प्रदर्शन और तेज किया जाएगा।
Reporter | Samachar Post