धनबाद का कुख्यात प्रिंस खान पाकिस्तान में! डंकी रूट से फरारी, पूछताछ में ‘मेजर’ का बड़ा खुलासा

Rupa Kumari | May 6, 2026 | 12:30 PM IST

Samachar Post डेस्क, रांची: धनबाद के वासेपुर का कुख्यात अपराधी प्रिंस खान अब पाकिस्तान में छिपा हुआ है। पुलिस पूछताछ में उसके करीबी गुर्गे सैफी उर्फ मेजर ने दावा किया है कि प्रिंस पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में मौजूद है और उसे वहां कथित तौर पर खुफिया एजेंसी के संरक्षण में रखा गया है।

डंकी रूट से दुबई से पाकिस्तान तक का सफर

पूछताछ में सामने आया कि दुबई में दबाव बढ़ने के बाद प्रिंस खान ने फरार होने की योजना बनाई। बताया गया कि वह पहले ओमान पहुंचा और फिर अवैध “डंकी रूट” के जरिए पाकिस्तान चला गया। इस पूरी प्रक्रिया में आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े लोगों की मदद मिलने का दावा किया गया है।

यह भी पढ़ें: एक्साइज सिपाही भर्ती पेपर लीक केस: आरोपी की जमानत पर फैसला सुरक्षित

रंगदारी से आतंक फंडिंग का आरोप

धनबाद पुलिस के अनुसार, पहले प्रिंस खान रंगदारी के पैसों से संपत्तियां खरीदता था, लेकिन अब वही पैसा कथित तौर पर आतंकी गतिविधियों में लगाया जा रहा है। पुलिस ने संकेत दिया है कि यदि जांच में यह पुष्टि होती है कि धनबाद से कोई उसे फंडिंग कर रहा है, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि प्रिंस खान की दोनों पत्नियां इस समय दुबई में एक ही फ्लैट में रह रही हैं। उसका भाई गोपी खान भी पास में अलग फ्लैट में रहता है। पुलिस का दावा है कि रंगदारी के पैसों से ये सभी दुबई में लग्जरी लाइफ जी रहे हैं।

धमकी भरे पर्चों का नेटवर्क

सैफी उर्फ मेजर ने कबूल किया कि वह पहले प्रिंस खान के लिए धमकी भरे पर्चे लिखता था और उन्हें इलाके में वायरल कराया जाता था। अब पुलिस इन पर्चों की फॉरेंसिक जांच कराने की तैयारी में है, ताकि हैंडराइटिंग के जरिए सबूत मजबूत किए जा सकें। मामले में पूछताछ के बाद सैफी की रिमांड अवधि खत्म होने पर उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पूछताछ में कई अहम खुलासे होने के बाद अब पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच में जुटी है।

Share this news

संबंधित खबरें