Samachar Post रिपोर्टर,धनबाद :धनबाद जिले के जोड़ापोखर थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। जामाडोबा डुमरी दो नंबर गली में हुई इस फायरिंग में रिक्की सिंह नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली उसके सीने में लगी है और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। बेहतर इलाज के लिए उसे पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर स्थित मिशन अस्पताल रेफर किया गया है। जानकारी के मुताबिक घटना शुक्रवार सुबह करीब चार बजे की है। प्रारंभिक जांच में मामला अवैध लोहा कटिंग और इलाके में वर्चस्व को लेकर हुए विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार घटना के दौरान दो राउंड फायरिंग की गई थी, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
यह भी पढ़ें :गढ़वा में युवक का शव पेड़ से लटका मिला, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
सीने में फंसी है गोली
गोली लगने के बाद परिजन घायल रिक्की सिंह को तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए दुर्गापुर मिशन अस्पताल रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि गोली अभी भी उसके सीने में फंसी हुई है और डॉक्टरों की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है।
पत्नी ने लगाया हत्या के प्रयास का आरोप
घायल युवक की पत्नी चंदा कौर ने आरोप लगाया कि शुक्रवार सुबह उनके पति शौच के लिए घर से बाहर निकले थे। उसी दौरान कुछ युवक वहां मौजूद थे। उन्होंने बताया कि जब रिक्की सिंह ने उन्हें देखकर शोर मचाया तो आरोपियों ने उन पर गोली चला दी। चंदा कौर ने हर्ष, गोपु और उनके अन्य साथियों पर हमला करने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
घटनास्थल से मिला खोखा और कटा तार
घटना की सूचना मिलते ही जोड़ापोखर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सिंदरी एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से गोली का एक खोखा और रोपवे का कटा हुआ तार बरामद किया है। पुलिस का मानना है कि बरामद सामान इस घटना को अवैध लोहा कटिंग और चोरी के कारोबार से जोड़ता है। इसी दिशा में जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में यह मामला रोपवे के लोहे की कटाई और अवैध कारोबार से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
Reporter | Samachar Post