Samachar Post रिपोर्टर,हजारीबाग :हजारीबाग और बड़कागांव में भीषण गर्मी के बीच बिगड़ती बिजली व्यवस्था को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है। अघोषित बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और बार-बार सप्लाई बाधित होने से शहर से लेकर गांव तक लोग परेशान हैं। हालात ऐसे हो गए हैं कि कई इलाकों में पंखे और कूलर सिर्फ शोपीस बनकर रह गए हैं। रातभर बिजली गायब रहने से लोगों की नींद और दिनचर्या दोनों प्रभावित हो रही हैं। लगातार मिल रही शिकायतों और जनता के बढ़ते गुस्से को देखते हुए प्रदीप प्रसाद और रोशन लाल चौधरी ने बिजली विभाग के महाप्रबंधक दिनेश कुमार सिंह और विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में दोनों विधायकों ने बिजली संकट का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया और अधिकारियों से जल्द सुधार की मांग की।
यह भी पढ़ें :OLX पर अपनी ही चोरी हुई बाइक देख दंग रह गया मालिक, नंबर बदलकर बेचने की थी तैयारी
“72 घंटे में सुधार नहीं हुआ तो होगा आंदोलन”
हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद ने बैठक में सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि अब सिर्फ आश्वासन से काम नहीं चलेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर अगले 72 घंटे के भीतर बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो जनता के साथ सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लगातार बिजली कटौती से आम लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो चुका है।
“विद्यार्थी, किसान और व्यापारी सभी परेशान”
प्रदीप प्रसाद ने कहा कि बिजली संकट का असर हर वर्ग पर पड़ रहा है। विद्यार्थी पढ़ाई नहीं कर पा रहे, किसानों की सिंचाई प्रभावित हो रही, व्यापारी परेशान हैं। मरीजों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अगर जल्द समाधान नहीं निकला तो विभागीय कार्यालयों का घेराव और धरना-प्रदर्शन भी किया जाएगा।
लो-वोल्टेज की समस्या पर भी नाराजगी
बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने भी अधिकारियों को खरी-खरी सुनाई। उन्होंने कहा कि इलाके में लो-वोल्टेज की समस्या विकराल रूप ले चुकी है। कई गांवों में नाम मात्र की बिजली मिल रही है, जिससे लोगों का सामान्य जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द हालात नहीं सुधरे तो जनता का गुस्सा कभी भी फूट सकता है।
जर्जर तार बदलने और ट्रांसफार्मर बढ़ाने की मांग
बैठक में विधायकों ने विभाग से:
- जर्जर तार बदलने
- अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने
- अघोषित बिजली कटौती रोकने की मांग की।
इस पर बिजली विभाग के महाप्रबंधक दिनेश कुमार सिंह ने माना कि समस्या गंभीर है और विभाग युद्धस्तर पर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि तकनीकी खामियों को दूर करने के लिए विशेष टीमें लगाई गई हैं और अगले 24 घंटे में हालात सुधारने की कोशिश की जा रही है।
22 घंटे बिजली आपूर्ति का दावा
बिजली विभाग ने कहा कि हजारीबाग में कम से कम 22 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। बैठक में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।
Reporter | Samachar Post