Samachar Post डेस्क, रांची: देश के कई राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजे भारतीय राजनीति की दिशा बदलते नजर आ रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल और असम में शानदार प्रदर्शन करते हुए बढ़त बना ली है, जबकि तमिलनाडु में बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिल रहा है।
बंगाल में ‘परिवर्तन’ की लहर, भाजपा आगे
पश्चिम बंगाल की 294 सीटों में से 293 पर जारी रुझानों में भाजपा 177 सीटों पर आगे चल रही है, जो स्पष्ट बहुमत का संकेत है। वहीं तृणमूल कांग्रेस 92 सीटों पर सिमटती दिख रही है। टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने कार्यकर्ताओं से काउंटिंग स्थल न छोड़ने की अपील की है और गिनती प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं।
यह भी पढ़ें: धनबाद में भीषण सड़क हादसा, ऑटो-ट्रेलर टक्कर में 1 की मौत, 6 घायल
असम में फिर भाजपा सरकार के संकेत
असम की 126 सीटों में से 123 पर आए रुझानों में भाजपा 78 सीटों पर आगे है। यहां हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में सरकार की वापसी लगभग तय मानी जा रही है। कांग्रेस 24 सीटों पर, जबकि अन्य दलों में बीओपीएफ 10 और असम गण परिषद 9 सीटों पर आगे हैं।
केरल में कांग्रेस को राहत
केरल में कांग्रेस 63 सीटों पर बढ़त के साथ बेहतर प्रदर्शन करती दिख रही है। वहीं सीपीआई (एम) 25, आईयूएमएल 23 और अन्य दल भी मुकाबले में बने हुए हैं।
तमिलनाडु में बड़ा उलटफेर
तमिलनाडु में इस बार चुनावी नतीजों ने चौंकाया है, जहां पारंपरिक समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं। हालांकि अंतिम तस्वीर अभी पूरी तरह साफ नहीं हुई है।
काउंटिंग के दौरान झड़प, सुरक्षा कड़ी
बैरकपुर और आसनसोल-बांकुड़ा में मतगणना के दौरान झड़प की खबरें सामने आई हैं। सुरक्षाबलों की तैनाती बढ़ा दी गई है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
शाम 6 बजे BJP मुख्यालय जाएंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम 6 बजे दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचकर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इस दौरान अमित शाह, जेपी नड्डा समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। फिलहाल नतीजों के रुझान भाजपा के पक्ष में दिख रहे हैं, लेकिन अंतिम परिणाम आने के बाद ही पूरी तस्वीर साफ होगी।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।