Samachar Post रिपोर्टर, रांची: राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। झारखंड स्टेट बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन लिमिटेड (JSBCCL) ने रांची के राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में नए अत्याधुनिक ओपीडी ब्लॉक के निर्माण के लिए शॉर्ट टर्म ई-टेंडर जारी किया है। यह परियोजना करीब 256.17 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होगी।
24 महीने में तैयार होगा नया ओपीडी
नए ओपीडी ब्लॉक को 24 महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। फिलहाल RIMS में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज पहुंचते हैं, जिससे ओपीडी में भारी भीड़ रहती है। नए भवन के बनने से मरीजों को लंबी कतार और अव्यवस्था से राहत मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें: भीषण गर्मी से राहत के आसार, झारखंड में जल्द बदलेगा मौसम
डिजिटल सिस्टम और आधुनिक सुविधाएं
प्रस्तावित हाईटेक ओपीडी में हर विभाग के लिए अलग काउंटर और परामर्श कक्ष होंगे। डिजिटल रजिस्ट्रेशन और कतार प्रबंधन सिस्टम लागू किया जाएगा, जिससे पंजीकरण और इलाज की प्रक्रिया तेज होगी। मरीजों के लिए बड़ा वेटिंग एरिया, आधुनिक जांच सुविधा और दिव्यांगजनों के लिए अनुकूल व्यवस्था भी की जाएगी।
RIMS कैंपस का भी होगा कायाकल्प
ओपीडी के अलावा पूरे परिसर के उन्नयन की योजना भी तैयार की गई है। करीब 87.08 करोड़ रुपये की साइट रिडेवलपमेंट योजना को 12 महीने में पूरा करने का लक्ष्य है। इसके तहत नई पार्किंग, ड्रेनेज सिस्टम, वॉक-वे, सड़क निर्माण, बाहरी बिजली व्यवस्था और प्लंबिंग सिस्टम में सुधार किया जाएगा। साथ ही कैंपस में लैंडस्केपिंग और हरियाली पर भी काम होगा।
शिक्षा क्षेत्र में भी निवेश
JSBCCL ने शिक्षा क्षेत्र के लिए भी योजनाएं जारी की हैं। गोड्डा में महिला कॉलेज भवन के निर्माण के लिए 66.58 करोड़ रुपये और डिग्री कॉलेज भवन के लिए 38.38 करोड़ रुपये की परियोजना प्रस्तावित है। ये निर्माण कार्य सिद्धो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय के अंतर्गत किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र में उच्च शिक्षा सुविधाएं मजबूत होंगी।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।