रांची में सनसनी: 13 वर्षीय बच्ची 12 दिन से लापता, घर में खून के धब्बों से बढ़ी अनहोनी की आशंका

Rupa Kumari | April 3, 2026 | 01:06 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची: झारखंड की राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां 13 साल की एक नाबालिग बच्ची पिछले 12 दिनों से लापता है। मामले ने तब और गंभीर रूप ले लिया, जब उसके घर से खून के धब्बे मिलने की पुष्टि हुई।पुलिस को सूचना मिलने के बाद जब टीम मौके पर पहुंची, तो घर के अंदर संदिग्ध खून के धब्बे पाए गए। इसके बाद पुलिस ने घर को सील कर दिया है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अब इन धब्बों की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी, जिससे यह पता चल सके कि खून किसका है और घटना के पीछे क्या सच्चाई है।

12 दिनों से लापता है बच्ची

जानकारी के मुताबिक, बच्ची अपने एक परिचित के घर में रहकर सरकारी स्कूल में पढ़ाई कर रही थी। लेकिन अचानक वह 12 दिन पहले लापता हो गई। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ के बावजूद अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।

यह भी पढ़ें: लामू में बड़ा एक्शन: बेसमेंट में चल रहा अवैध क्लिनिक सील

प्रताड़ना के आरोप, कई एंगल से जांच

स्थानीय लोगों का दावा है कि बच्ची के साथ अक्सर मारपीट होती थी और उसे किसी से बातचीत करने की अनुमति नहीं थी। लगातार प्रताड़ना के आरोपों ने मामले को और संवेदनशील बना दिया है। पुलिस अब इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। रातू थाना प्रभारी आदिकांत महतो ने बताया कि बच्ची की तलाश में पुलिस टीम बिहार तक गई, लेकिन वहां भी कोई जानकारी हाथ नहीं लगी।

घर सील, जांच जारी

फिलहाल पुलिस ने संदिग्ध घर को सील कर दिया है और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

Share this news

संबंधित खबरें