जगन्नाथपुर मंदिर गार्ड हत्याकांड पर फूटा गुस्सा, सड़क जाम कर आदिवासी संगठनों का प्रदर्शन

Rupa Kumari | April 24, 2026 | 03:57 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची: रांची के जगन्नाथपुर मंदिर के पास हुए गार्ड हत्याकांड के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के विरोध में आदिवासी संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया और मुख्य सड़क जाम कर दी। प्रदर्शनकारियों ने मृतक बिरसा मुंडा के परिजनों को मुआवजा देने की मांग उठाते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। सड़क जाम के कारण यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। प्रदर्शन कर रहे संगठनों ने मांग की कि मृतक के परिवार को जल्द उचित मुआवजा दिया जाए और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। साथ ही मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग की गई, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

कुछ संगठनों पर माहौल बिगाड़ने का आरोप

प्रदर्शन के दौरान आदिवासी संगठनों ने कुछ हिंदू संगठनों पर माहौल को गलत दिशा देने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि घटना के बाद अफवाहें फैलाकर सामाजिक तनाव बढ़ाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और अफवाहों पर रोक लगाने की मांग की।

यह भी पढ़ें: लूट की कोशिश में बदमाश की मौत, साथियों की गोली से गई जान

पुलिस ने संभाला मोर्चा

सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक बातचीत के बाद स्थिति नियंत्रित हुई और धीरे-धीरे जाम हटाया गया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। प्रशासन ने एहतियातन सुरक्षा बढ़ा दी है और हालात पर नजर रखी जा रही है।

Share this news

संबंधित खबरें