जामताड़ा के मिहिजाम में टेंट हाउस में भीषण आग, लाखों की संपत्ति जलकर खाक

Rupa Kumari | April 26, 2026 | 11:35 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा: मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या आठ स्थित न्यू कॉलोनी में रविवार तड़के एक टेंट हाउस के गोदाम में भीषण आग लगने से लाखों रुपये की संपत्ति जलकर खाक हो गई। आग मोहम्मद अख्तर के घर में संचालित टेंट हाउस के गोदाम में लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया।

सुबह 4:30 बजे लगी आग, सामान जलकर राख

जानकारी के अनुसार आग सुबह करीब 4:30 से 5:00 बजे के बीच लगी। खिड़की से धुआं उठता देख स्थानीय लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद मोहल्ले के लोग मौके पर जुट गए। आग की चपेट में टेंट हाउस में रखे गद्दे, तकिए, सोफा, बेडशीट, बिजली के पंखे और अन्य सजावटी सामान पूरी तरह जलकर राख हो गए। संचालक ने इस अग्निकांड में लाखों रुपये के नुकसान की बात कही है।

यह भी पढ़ें: हाथी हमले के बाद वन विभाग अलर्ट, आदरडीह में पूरी रात चला अभियान

दमकल में देरी, लोगों ने खुद पाया काबू

घटना की सूचना मिहिजाम पुलिस और जामताड़ा अग्निशमन विभाग को दी गई, लेकिन दमकल वाहन पहुंचने में देरी हुई। इस बीच स्थानीय लोगों और वार्ड पार्षद प्रमिला देवी के पति ने साहस दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। मोहल्ले के लोगों की कड़ी मशक्कत से दमकल के पहुंचने से पहले ही आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया।

स्थायी अग्निशमन केंद्र की उठी मांग

आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद टेंट हाउस संचालक का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने मिहिजाम में स्थायी अग्निशमन केंद्र और दमकल वाहन की व्यवस्था की मांग उठाई है। उनका कहना है कि समय पर दमकल पहुंचती तो नुकसान को कम किया जा सकता था।

Share this news

संबंधित खबरें