चतरा में स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल: बाइक से अस्पताल पहुंची गर्भवती, ममता वाहन बारात में लगा था

Rupa Kumari | April 27, 2026 | 05:50 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, चतरा: कुंदा प्रखंड से स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। टिकुलियाटांड़ गांव की रहने वाली संजू देवी को प्रसव पीड़ा शुरू हुई, लेकिन समय पर सरकारी एंबुलेंस नहीं मिल सकी। बताया गया कि मरीजों की सेवा के लिए निर्धारित ममता वाहन उस समय बारात में बुक था, जिसके कारण गर्भवती महिला को मोटरसाइकिल से अस्पताल पहुंचाना पड़ा।

बारात में लगा था ममता वाहन, परिजनों ने किया जोखिम भरा सफर

परिजनों ने सहिया के माध्यम से वाहन चालक से संपर्क किया, लेकिन उसने वाहन के बारात में लगे होने की बात कहकर आने से इनकार कर दिया। मजबूरी में संजू देवी के देवर शिवम कुमार ने उन्हें बाइक से ही अस्पताल पहुंचाने का निर्णय लिया। रात के अंधेरे में दर्द से कराह रही महिला को अपाचे बाइक पर बैठाकर किसी तरह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, कुंदा लाया गया।

यह भी पढ़ें: चाईबासा कोषागार घोटाला: 45 लाख की अवैध निकासी, सिपाही गिरफ्तार

अस्पताल का दरवाजा बंद, डॉक्टर नदारद

अस्पताल पहुंचने पर परिजनों को एक और परेशानी का सामना करना पड़ा। पीएचसी का मुख्य दरवाजा बंद था, जिसे उन्हें खुद खोलना पड़ा। अंदर केवल एक एएनएम मौजूद थी, जबकि डॉक्टर और अन्य कर्मचारी अनुपस्थित मिले। बताया जा रहा है कि आउटसोर्सिंग पर नियुक्त कई कर्मचारी हाजिरी बनाकर गायब थे।

जांच के आदेश, कार्रवाई की तैयारी

मामला सामने आने के बाद उपायुक्त रवि आनंद ने नाराजगी जताई है। उनके निर्देश पर एसडीओ के नेतृत्व में जांच कमेटी गठित कर दी गई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही गई है।

Share this news

संबंधित खबरें