Samachar Post रिपोर्टर,कोडरमा :कोडरमा जिले में एक शादी समारोह उस वक्त हिंसक झड़प में बदल गया, जब वर और वधु पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए। फेरे खत्म होते ही शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया, जिसमें कई लोग घायल हो गए। घटना ध्वजाधारी पहाड़ के पास शनिदेव मंदिर के नजदीक की है, जहां शादी समारोह चल रहा था। शुरुआती रस्में शांतिपूर्वक पूरी हुईं, लेकिन सुबह होते ही किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। धीरे-धीरे विवाद बढ़ता गया और स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई।
यह भी पढ़ें :दनुआ घाटी में बढ़ते हादसों पर सख्ती, एसपी ने जारी किए कई निर्देश
मारपीट में कई लोग घायल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर टूट पड़े। लात-घूंसे चले और टेंट में रखी कुर्सियां तक तोड़ दी गईं। इस झड़प में करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि भोजन व्यवस्था को लेकर यह विवाद शुरू हुआ था।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही गश्ती पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह हालात को नियंत्रित किया। समय पर हस्तक्षेप नहीं होता तो मामला और गंभीर हो सकता था।
घायलों का इलाज जारी, कुछ लोग फरार
मारपीट में घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं, घटना के बाद वर पक्ष के कुछ लोग मौके से फरार हो गए। वधु पक्ष के लोगों ने मामले में शिकायत दर्ज कराने की बात कही है। हालांकि, पुलिस के अनुसार अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से औपचारिक आवेदन नहीं दिया गया है।
Reporter | Samachar Post