जामताड़ा में अनियंत्रित ट्रक ने बिजली पोल को मारी टक्कर, मोहल्ले में अंधेरा; आवागमन ठप

Rupa Kumari | April 25, 2026 | 01:42 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा: शहर के गायछंद मोड़ के पास शुक्रवार देर रात एक अनियंत्रित ट्रक बिजली के खंभे से टकरा गया, जिससे पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खंभा पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर तारों के सहारे लटक गया। घटना नगर पंचायत कार्यालय और एसडीपीओ आवास के सामने की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार हादसा रात करीब 1:00 से 1:30 बजे के बीच हुआ। उस समय पास में ग्रामीण रात्रि कीर्तन कर रहे थे। बताया जा रहा है कि भागलपुर से चावल अनलोड कर लौट रहा ट्रक गोविंदपुर जाने के लिए जामताड़ा से गुजर रहा था। चालक ने शॉर्टकट के लिए गूगल लोकेशन का सहारा लिया, जिसके चलते ट्रक संकरे रास्ते में पहुंच गया और अंधेरे में चालक पोल का अंदाजा नहीं लगा पाया।

ग्रामीणों की तत्परता से टला बड़ा हादसा

टक्कर के बाद खंभा टूट गया और तार नीचे लटकने लगे। स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने तुरंत बिजली विभाग को सूचना दी, जिसके बाद लाइन काट दी गई। इलाके में कीर्तन के कारण भारी भीड़ मौजूद थी, ऐसे में बिजली चालू रहती तो बड़ा हादसा हो सकता था। ग्रामीणों ने भागने की कोशिश कर रहे ट्रक चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

यह भी पढ़ें: बोकारो में सनसनी: जमनिया नदी में बोरे में मिला महिला का शव, हत्या की आशंका

पोल और ट्रक फंसे रहने से यातायात बाधित

घटना के कई घंटे बाद तक बिजली विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची थी। गोविंदपुर जाने का यह शॉर्टकट मार्ग होने के कारण सड़क व्यस्त रहती है, लेकिन क्षतिग्रस्त पोल और खड़े ट्रक की वजह से आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। बिजली गुल होने से मोहल्ले के लोग परेशान हैं और जल्द आपूर्ति बहाल करने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस मौके पर मौजूद है और मामले की जांच जारी है।

Share this news

संबंधित खबरें