Samachar Post रिपोर्टर,रांची :रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने मानव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हटिया रेलवे स्टेशन पर एक तस्कर को गिरफ्तार किया और तीन नाबालिग बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन आहट’ के तहत की गई, जिसमें संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही थी। 25 अप्रैल को हटिया रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार पर जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान एक संदिग्ध युवक के साथ तीन नाबालिग लड़कों को रोका गया। पूछताछ में युवक की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं, जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया।
यह भी पढ़ें :भीषण गर्मी के बीच गढ़वा में खड़ी कार में लगी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान
नौकरी का झांसा देकर ले जाया जा रहा था बेंगलुरु
पूछताछ में आरोपी नयन कुमार (27 वर्ष, पुरुलिया निवासी) ने बताया कि वह बच्चों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर बेंगलुरु ले जा रहा था। सभी बच्चों को ट्रेन संख्या 18367 से SMVT बेंगलुरु भेजने की तैयारी थी। नाबालिगों ने बताया कि वे आरोपी को पहले से नहीं जानते थे।
तस्करी नेटवर्क का खुलासा
जांच में सामने आया कि आरोपी बेंगलुरु में निर्माण स्थलों पर मजदूर सप्लाई करता था और इसके बदले कमीशन लेता था। वह बच्चों को पैसों का लालच देकर और उनके परिवारों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाता था। आरोपी ने यह भी कबूला कि वह हरिहर कुमार नामक व्यक्ति के निर्देश पर काम करता था और हाल ही में उसे 25 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए थे।
नाबालिगों को सुरक्षित आश्रय में भेजा गया
तीनों बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू कर रांची स्थित बालाश्रय गृह भेज दिया गया है, जहां उनकी देखभाल की जा रही है। वहीं आरोपी को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) को सौंप दिया गया है।
जांच जारी, बड़े नेटवर्क की आशंका
इस कार्रवाई में RPF और अन्य एजेंसियों की संयुक्त टीम ने अहम भूमिका निभाई। अधिकारियों का मानना है कि यह एक बड़े मानव तस्करी नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है, जिसकी जांच जारी है।
Reporter | Samachar Post