Samachar Post डेस्क, रांची :पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के मद्देनजर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। इसी बीच असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अगर भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले जारी रहे तो सत्ता में आने के बाद इसका “हिसाब बराबर किया जाएगा”। सरमा का यह बयान दक्षिण दिनाजपुर के कुमारगंज इलाके में भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु सरकार पर हुए कथित हमले के बाद आया है। आरोप है कि इस घटना में उनके साथ मारपीट की गई, जिसके बाद उन्हें वहां से हटना पड़ा। इसी घटना के संदर्भ में सरमा ने कड़े शब्दों का इस्तेमाल किया, जिससे राजनीतिक तापमान और बढ़ गया है।
यह भी पढ़ें :झारखंड शराब घोटाला: हाईकोर्ट से अरुण पति त्रिपाठी और अरविंद कुमार को बड़ा झटका
भाजपा का आरोप-राज्य में ‘गुंडाराज’
चुनावी रैलियों में सरमा लगातार पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी पार्टी पर निशाना साध रहे हैं। उनका आरोप है कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब है और विपक्षी कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा सत्ता में आती है तो ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों को पूरी तरह नकारते हुए कहा है कि भाजपा खुद हिंसा को बढ़ावा दे रही है। पार्टी का दावा है कि इस तरह के बयान चुनावी ध्रुवीकरण की रणनीति का हिस्सा हैं। TMC ने सरमा के बयान को लेकर चुनाव आयोग में शिकायत भी दर्ज कराई है।
चुनाव से पहले बढ़ा सियासी टकराव
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस तरह की तीखी बयानबाजी से चुनावी माहौल और ज्यादा तनावपूर्ण हो सकता है। प्रशासन और चुनाव आयोग पहले ही सभी दलों से शांतिपूर्ण प्रचार की अपील कर चुके हैं। सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हैं ताकि किसी भी तरह की हिंसा को रोका जा सके।
2026 चुनाव पर सबकी नजर
2026 का पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव राज्य की राजनीति के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। भाजपा और TMC के बीच सीधी टक्कर में बयानबाजी का स्तर लगातार तेज होता जा रहा है, जिससे आने वाले दिनों में सियासी पारा और चढ़ने की संभावना है।
Reporter | Samachar Post