गुमला में ज्वेलरी व्यवसायी से 1 किलो सोना और 50 हजार रुपये की लूट, हथियार के बल पर वारदात

Rupa Kumari | April 28, 2026 | 03:22 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, गुमला: गुमला में बीती रात अपराधियों ने एक सोना व्यवसायी से करीब 1 किलो सोना और 50 हजार रुपये नकद लूट लिए। लूटे गए सोने की कीमत 1 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। घटना घाघरा थाना से महज 100 मीटर दूर पुटो रोड पर हुई। पीड़ित व्यवसायी शशांक सोनी ‘हरिओम गहना घर’ नाम से ज्वेलरी शॉप चलाते हैं। उन्होंने बताया कि ग्राहक के ऑर्डर का सोना और दिनभर की बिक्री की नकदी स्कूटी की डिक्की में रखकर घर जा रहे थे। इसी दौरान घर से करीब 100 मीटर पहले तीन मोटरसाइकिलों पर सवार छह अपराधियों ने उनकी स्कूटी रोक ली।

यह भी पढ़ें: जमशेदपुर में एक घंटे में दो जगह चेन स्नैचिंग, मॉर्निंग वॉक पर निकली महिलाएं बनीं निशाना

हवाई फायरिंग कर दी धमकी

बदमाशों ने हवाई फायरिंग करते हुए हथियार के बल पर उन्हें धमकाया और लूटपाट शुरू कर दी। इस दौरान शशांक सोनी और उनकी मां डर के कारण सड़क किनारे गिर पड़े। आरोप है कि अपराधियों ने कनपटी पर हथियार तानकर सामान सौंपने को कहा। बेटे की जान बचाने के लिए उनकी मां ने खुद आगे बढ़कर बदमाशों से सामान ले जाने को कहा। इसके बाद अपराधी स्कूटी की चाबी लेकर डिक्की से करीब 1 किलो सोना और 50 हजार रुपये नकद निकालकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही झारखंड पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाके में छानबीन कर रही है और अपराधियों की तलाश जारी है।

Share this news

संबंधित खबरें