Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : गिरिडीह के गांवा–सतगावां रोड पर जोड़ सिमर के पास शनिवार को तेज रफ्तार कार ने बड़ा हादसा कर दिया। अनियंत्रित सेंट्रो कार सड़क किनारे बैठे चार लोगों को कुचलते हुए पेड़ से जा टकराई। घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सड़क किनारे बैठे थे लोग, अचानक मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चारों लोग सड़क किनारे बैठे हुए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अचानक बेकाबू हो गई और उन्हें रौंदते हुए आगे बढ़ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पास के पेड़ से जा भिड़ी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
यह भी पढ़ें: जामताड़ा में करैत सांप के डंसने से 4 साल के बच्चे की हालत गंभीर, आंगन में खेलते वक्त हुआ हादसा
चालक को पकड़कर पेड़ से बांधा
घटना से नाराज ग्रामीणों ने चालक को मौके पर ही पकड़ लिया। उसे कार से बाहर निकालकर पेड़ से बांध दिया गया और उसकी पिटाई कर दी। काफी देर तक इलाके में तनाव की स्थिति बनी रही।
पुलिस पर पथराव, सड़क जाम
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस वाहन पर पथराव भी किया गया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। लोगों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे यातायात ठप हो गया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है। हादसे के कारणों की जांच जारी है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।