Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा :जामताड़ा जिले के करमाटांड थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां जहरीले करैत सांप के डंसने से 4 वर्षीय बच्चे की हालत गंभीर हो गई। घटना करमाटांड बस्ती की है, जहां गुलाम अंसारी का बेटा आहिल रजा शुक्रवार रात घर के आंगन में खेल रहा था, तभी अंधेरे में छिपे सांप ने उसे काट लिया। बताया जा रहा है कि रात करीब 9 बजे बच्चा घर के आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान अचानक सांप के डसने से वह जोर-जोर से रोने लगा। बच्चे की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और स्थिति देखकर घबरा गए। घटना के बाद परिजनों ने सूझबूझ दिखाते हुए न सिर्फ बच्चे को संभाला, बल्कि जिस सांप ने काटा था उसे भी पकड़ लिया। इसके बाद बच्चे को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया।
यह भी पढ़ें :धनबाद में घर में घुसकर युवक की हत्या, मेयर के करीबी शुभम यादव को मारी गोली
हालत बिगड़ने पर धनबाद रेफर
इलाज के दौरान सांप का जहर तेजी से फैलने लगा, जिससे बच्चे की हालत और गंभीर हो गई। डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे धनबाद के एक बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया, जहां फिलहाल उसका इलाज जारी है और स्थिति नाजुक बनी हुई है।
गांव में दहशत का माहौल
घटना के बाद पूरे गांव में डर का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में अक्सर जहरीले सांप नजर आते हैं, जिससे हमेशा खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं और वन विभाग की टीम द्वारा नियमित रूप से ऐसे सांपों को पकड़ा जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं रोकी जा सकें।
Reporter | Samachar Post